झारखंड और बंगाल की पटाखा फैक्ट्रियों में आग से 10 मरे, 45 लोग घायल
इस हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय बीजेपी सांसद बिद्युत बरन महतो घटनास्थल पर पहुंचे। झारखंड सरकार ने पूर्वी सिंहभूम जिले में एक अवैध पटाखा कारखाने में हुए विस्फोट के मामले की जांच के लिए सोमवार को दो सदस्यीय टीम गठित की है। इस बीच विस्फोट में मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है और 25 घायल हुए हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की एक टीम द्वारा बचाव अभियान चलाया जा रहा है। बंगाल की बात करें तो उत्तर 24 परगना जिले के अमडंगा में एक पटाखे की फैक्ट्री में आग लग जाने से 20 लोग घायल हो गए हैं। आग पर काबू पाने के लिए मौके पर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंची है। फिलहाल अभी यह नहीं पता चल पाया है कि आग कैसे लगी। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।
झारखंड में पूर्वी सिंहभूम जिले में एक घर में विस्फोट होने के बाद एक तीन मंजिला इमारत ढह गई, जहां अवैध रूप से पटाखा बनाने का काम हो रहा था। सरकारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, कोल्हान के आयुक्त और पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) इस घटना की जांच करेंगे। विज्ञप्ति में कहा गया है कि संबंधित पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। ढही इमारत के मलबे से तीन शव बरामद हुए हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिस इमारत में आग लगी, वहां भारी मात्रा में विस्फोटक पाउडर रखा हुआ था। विस्फोट के कारण लगी भीषण आग की चपेट में आसपास के अन्य घर भी आ गए। घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और कुछ को उपचार के लिए पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल भेजा गया है। झारखंड सरकार ने हर मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये और हर घायल को 50,000 रुपये देने की घोषणा की है।
झारखंड की पटाखा फैक्टरी में लगी आग की जानकारी देते हुए पुलिस के एक उच्च अधिकारी ने बताया कि फैक्टरी में गैरकानूनी तरीके से ज्यादा मात्रा में पटाखे रखे हुए थे। आग लगने के बाद एक दीवार गिर गई जिसके नीचे दबकर 8 लोगों की मृत्यु हो गए। घटसिला के एसडीओ अरविंद कुमार लाल ने बताया कि फैक्टरी में न केवल गैरकानूनी तरीके से पटाखे रखे जाते थे बल्कि फैक्टरी में गैरकानूनी तरीके से पटाखे बनाने का भी काम होता था। यह हादसा उस समय हुआ जब फैक्टरी के पास बनी मार्केट में कई लोग खरीददारी करने के लिए पहुंचे थे। इस हादसे में फैक्टरी के मालिक की मां की भी जान गई है। इस हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय बीजेपी सांसद बिद्युत बरन महतो घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि हमने इस घटना की जानकारी मुख्यमंत्री रघुबर दास को भी दी है और स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि वे घायलों को अच्छी से अच्छी मेडिकल सुविधा मुहैया कराएं।
No comments